बिहार के बेतिया जिले से एक बेहद गंभीर और चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। नरकटियागंज अनुमंडल के कुमारबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत लखौरा गांव के एक ही मोहल्ले से एक साथ पांच नाबालिग लड़कियों के लापता होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद गांव में डर और अनिश्चितता का माहौल है, वहीं परिजन बदहवास होकर अपनी बेटियों की तलाश में जुटे हुए हैं।

दिन में घर से निकलीं, शाम तक नहीं लौटीं
जानकारी के अनुसार, लापता हुई सभी लड़कियां दिन के समय अपने-अपने घरों से निकली थीं। किसी ने सिलाई सीखने जाने की बात कही थी, तो किसी ने खेत जाने का बहाना बनाया था। परिजनों को इस दौरान किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका नहीं थी। लेकिन जब देर शाम तक लड़कियां घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
पहले परिजनों ने खुद स्तर पर आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन जब कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली, तब कुमारबाग थाना में इसकी सूचना दी गई।
लापता लड़कियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, लापता नाबालिग लड़कियों की पहचान इस प्रकार की गई है—
मुनमुन कुमारी (17 वर्ष), पिता रघुचन साह,
काजल कुमारी (16 वर्ष), पिता रुदल साह,
रामानती कुमारी (14 वर्ष), पिता प्रह्लाद साह,
निगम कुमारी (15 वर्ष), पिता सोनू साह,
निपु कुमारी (14 वर्ष), पिता शिव साह।
सभी लड़कियां एक ही मोहल्ले की रहने वाली बताई जा रही हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
गांव में पसरा सन्नाटा, परिजन बेहाल
इस घटना के बाद लखौरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई माता-पिता अपनी बेटियों की तस्वीरें लेकर पुलिस थाने और अधिकारियों के पास मदद की गुहार लगा रहे हैं। ग्रामीणों के बीच भी डर का माहौल है और लोग किसी बड़े अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की सघन तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुमारबाग थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित की हैं, जो अलग-अलग दिशाओं में लड़कियों की तलाश कर रही हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही कोई ठोस सुराग मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को लड़कियों से जुड़ी कोई जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
एक ही गांव से पांच नाबालिग लड़कियों के अचानक लापता होने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरा गांव पुलिस कार्रवाई और किसी सकारात्मक खबर की उम्मीद में टकटकी लगाए बैठा है।







