
दरभंगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर दरभंगा जिला कांग्रेस कमेटी (अर्बन) के जिलाध्यक्ष डॉ. जमाल हसन के नेतृत्व में दरभंगा जिला कांग्रेस कार्यालय, बलभद्रपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में दरभंगा ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महात्मा गांधी अमर रहें” और “लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें” के नारे लगाकर दोनों महान विभूतियों को नमन किया।
कार्यक्रम के पश्चात दरभंगा टावर स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर जिला कांग्रेस कमेटी (अर्बन) के जिलाध्यक्ष डॉ. जमाल हसन ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, न्याय, सामाजिक समरसता, सद्भाव एवं भाईचारे के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ. जमाल हसन ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। सत्य और अहिंसा के उनके सिद्धांतों ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी तथा देशवासियों में एकता और आत्मविश्वास का संचार किया। आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, उसमें गांधी जी के संघर्ष, त्याग और नेतृत्व का महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी ने हमें केवल राजनीतिक आजादी का रास्ता नहीं दिखाया, बल्कि सत्य, अहिंसा, सामाजिक समरसता, सद्भाव और मानवता का संदेश भी दिया। आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है कि गांधी जी के विचारों और आदर्शों को अपने जीवन एवं सार्वजनिक कार्यों में अपनाते हुए समाज में शांति, भाईचारे और एकता को मजबूत करने का काम करेंगे।
डॉ. जमाल हसन ने कहा कि भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल है। देश के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर हम सभी को राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करना चाहिए।
वहीं दरभंगा ग्रामीण जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश कुमार चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से दुनिया को नई राह दिखाई, वहीं शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और दृढ़ नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया। आज की पीढ़ी को इन दोनों महान नेताओं के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज और देश के लिए कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में शामील होने वालों में रामपुकार चौधरी, परमानंद झा, पालन चौधरी, अरुण कुमार झा, उदित नारायण चौधरी, भागीरथी देवी, असमत अली अंसारी, मोहम्मद नसीम हैदर, विशाल कुमार, प्रोफेसर मिथिलेश यादव, मोहम्मद अंसार हसन, इंजीनियर कामेश्वर झा, विमलेन्दु कुमार ठाकुर, मोहम्मद नौशाद अली, बुच्ची देवी, युगेश्वर मंडल, सुनील कुमार चौधरी, मोहम्मद जाहिद अंसारी, प्रोफेसर कामदेव झा, रोशन झा, ललन यादव, प्रोफेसर सुरेश राम, मिहिर कांत झा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।








