Shopping cart

Breaking News :
  • Home
  • बिहार
  • गया के छक्करबंधा जंगल में सीआरपीएफ का बड़ा ऑपरेशन, प्राकृतिक गुफा से हथियार और विस्फोटकों का जखीरा बरामद
बिहार

गया के छक्करबंधा जंगल में सीआरपीएफ का बड़ा ऑपरेशन, प्राकृतिक गुफा से हथियार और विस्फोटकों का जखीरा बरामद

January 29, 20261 Mins Read
15

गया जिले के नक्सल प्रभावित छक्करबंधा जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। सीआरपीएफ द्वारा चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान एक प्राकृतिक गुफा से भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस सफलता को नक्सलियों की संभावित साजिश पर करारा प्रहार माना जा रहा है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, गोबरदाहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छक्करबंधा जंगल में नक्सलियों द्वारा हथियार छिपाए जाने की खुफिया जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर एफ/47 बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टीम ने जंगल में विशेष तलाशी अभियान शुरू किया। यह ऑपरेशन अत्यंत चुनौतीपूर्ण इलाके में कई घंटों तक चलाया गया।

तलाशी के दौरान पंचरुखिया कैंप से लगभग 3.5 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित घने जंगल में सुरक्षा बलों को एक प्राकृतिक गुफा दिखाई दी। जब जवानों ने गुफा की गहन जांच की तो वहां छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। मौके पर विस्फोटक निरोधक दस्ते को भी अलर्ट किया गया।

सीआरपीएफ की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बरामद सामग्री में 29 वाणिज्यिक डेटोनेटर, स्टील केन में रखा करीब 3 किलो प्रेशर आईईडी और 25 मीटर नॉटेड कॉर्डटेक्स वायर शामिल है। इसके साथ ही 7.62 मिमी के 33 जिंदा कारतूस और 13 खाली खोखे, एके-47 से संबंधित 7 जिंदा राउंड और 18 खाली खोखे भी मिले हैं।

इसके अतिरिक्त 9 मिमी के 2 जिंदा कारतूस, 5.56×45 मिमी इंसास राइफल के 2 जिंदा कारतूस तथा .303 बोर का एक खाली खोखा भी बरामद किया गया है। सभी हथियारों और विस्फोटकों को सुरक्षित रूप से जब्त कर लिया गया है।

सीआरपीएफ कमांडेंट अवधेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि यह सामग्री नक्सलियों द्वारा किसी बड़ी हिंसक वारदात को अंजाम देने के लिए जमा की गई थी। समय रहते कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई है।

फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त बलों की तैनाती कर दी गई है और नक्सलियों की धरपकड़ के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। बता दें कि गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल और आसपास के जंगलों में पहले भी नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान हथियारों की बरामदगी हो चुकी है।

Related Posts