दरभंगा में शनिवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं के साथ एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी मोहल्ले में दस परीक्षार्थियों से सवार एक स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि वाहन में मौजूद सभी छात्र-छात्राओं ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक गाड़ी को बैक कर रहा था, तभी नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सीधे तालाब में समा गया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू किया और तालाब में गिरी गाड़ी से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि स्कॉर्पियो पूरी तरह पानी में डूब गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना की पुलिस, अग्निशमन विभाग और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद नगर निगम के ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन की मदद से तालाब में डूबी स्कॉर्पियो को बाहर निकाला गया।
छात्रों के परिजन कमलेश कुमार यादव ने बताया कि उनके दो बच्चे भी उसी स्कॉर्पियो में सवार थे। उन्होंने कहा कि केवटी प्रखंड के बुढ़िया गांव से रोजाना दस छात्र-छात्राएं स्कॉर्पियो से दरभंगा के एमएमटीएम कॉलेज में इंटर की परीक्षा देने आते-जाते थे। शनिवार को दूसरी पाली की परीक्षा देने के लिए निकलते समय यह हादसा हुआ। जैसे ही उन्हें सूचना मिली, वे तुरंत परीक्षा केंद्र पहुंचे, जहां पता चला कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और परीक्षा देने पहुंच चुके हैं।
स्थानीय वार्ड पार्षद मुकेश महासेठ ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्कॉर्पियो तालाब में पूरी तरह डूब गई थी। पुलिस को सूचना देने के बाद नगर निगम की जेसीबी मशीन से वाहन को बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि सभी परीक्षार्थी सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन बच्चों के सुरक्षित होने की खबर मिलते ही लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर सभी बाहर नहीं निकल पाते, तो बड़ा हादसा हो सकता







