बिहार के दरभंगा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात के बाद हालात बेकाबू हो गए। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखरा इलाके में 8 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध के सामने आने के बाद इलाके में ऐसा आक्रोश फैला कि लोगों ने सड़क जाम कर दिया, पुलिस पर पथराव किया और हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

हत्या के बाद भड़का गुस्सा, सड़क पर उतरे लोग
घटना सामने आते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को तत्काल फांसी देने की मांग शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। हालात को काबू में लाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान कई महिलाएं भी विरोध प्रदर्शन में शामिल रहीं।
उग्र भीड़ ने आरोपी की दुकान और उसके टेंपो को आग के हवाले कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की कई टीमें मौके पर डटी रहीं और देर रात तक हालात सामान्य करने की कोशिश जारी रही।
एसएसपी पहुंचे मौके पर, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी जगुनाथ रेड्डी स्वयं देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) भेज दिया गया है। वहीं, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र करने में जुटी रही।
खेलने गई थी बच्ची, रात में मिला खून से सना शव
जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची शाम के समय तालाब के पास अन्य बच्चों के साथ खेलने गई थी। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं चला।
देर रात इलाके में कुत्तों के असामान्य रूप से भौंकने की आवाज सुनकर बच्ची के मामा मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने बच्ची को खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और पास की दीवारों पर भी खून के निशान देखे गए।
बच्चों की गवाही और CCTV से आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ खेलने वाली बच्चियों ने पुलिस को बताया कि विकास महतो नामक युवक बच्ची को जबरन खींचकर अंधेरे की ओर ले गया था।
बच्चों की गवाही और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी विकास महतो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से बच्ची के खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
प्रशासन का दावा: दोषी को मिलेगी कड़ी सजा
घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ाई जाएगी।
इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ इलाके को झकझोर दिया है, बल्कि एक बार फिर समाज और प्रशासन के सामने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







