बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बार फिर निजी अस्पतालों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। बेला थाना क्षेत्र के बेला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में भारी लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख डॉक्टर और अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया।

ऑपरेशन के दौरान हुई मौत
मृतका की पहचान मुसहरी थाना क्षेत्र के कोठिया गांव निवासी शंकर सहनी की पत्नी काजल देवी (26) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर काजल देवी को डिलीवरी के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने ऑपरेशन से प्रसव कराने का निर्णय लिया, लेकिन ऑपरेशन के दौरान ही उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
परिचित की सलाह पर कराया था भर्ती
मृतका के भाई ने बताया कि गांव के ही एक परिचित की सलाह पर काजल देवी को इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों और स्टाफ ने घोर लापरवाही बरती, जिसके चलते उनकी बहन की जान चली गई। जब परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांगा तो वे उल्टा बहस करने लगे।
डॉक्टर और स्टाफ फरार
परिजनों का आरोप है कि जैसे ही अस्पताल में तनाव बढ़ा, डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मी चुपचाप मौके से निकल गए। इससे परिजनों का गुस्सा और भड़क गया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के ओपीडी और ऑपरेशन थिएटर में तोड़फोड़ की, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही बेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रसव के लिए भर्ती महिला की मौत हुई है और परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया है।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टरों और स्टाफ की भूमिका की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
इलाके में आक्रोश
घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निजी अस्पतालों में बिना पर्याप्त सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों के ऑपरेशन किए जा रहे हैं, जिससे इस तरह की दुखद घटनाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार डॉक्टर व स्टाफ की तलाश की जा रही है।







