बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब अहियापुर थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय छात्र को सरेआम गोली मार दी गई। यह घटना उस वक्त हुई, जब युवक अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहा था। अचानक हुए इस हमले से इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पीड़ित की हालत गंभीर हो गई।

घायल छात्र की पहचान शिवम कुमार के रूप में हुई है, जो शहर के एलएस कॉलेज में स्नातक का छात्र है। शिवम के पिता उमेश कुमार सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में जवान हैं और वर्तमान में अररिया जिले में तैनात हैं। घटना के समय शिवम अकेले बाइक से जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह अहियापुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर दुल्लाह गांव के पास स्थित एक सुनसान इलाके में पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने शिवम के पेट पर पिस्टल सटाई और बेहद करीब से गोली चला दी। गोली लगते ही शिवम जमीन पर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास सुनसान होने की वजह से तत्काल किसी को घटना की भनक नहीं लगी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद शिवम होश में था और उसने हिम्मत दिखाते हुए अपने मोबाइल फोन से अपनी मां को कॉल किया। उसने सिर्फ इतना कहा कि उसके पेट में तेज दर्द हो रहा है और जल्द आने की जरूरत है।
सूचना मिलते ही परिजन और शिवम के दोस्त मौके पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन कर उसके पेट से गोली निकाल दी। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
घायल की मां विभा देवी ने बताया कि उन्हें बेटे के फोन से पहले तो दर्द की बात समझ में आई, लेकिन जब मौके पर पहुंचीं तो पता चला कि उसे गोली मारी गई है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और न ही शिवम का किसी से विवाद रहा है। शिवम दो भाइयों में बड़ा है और पढ़ाई में काफी मेहनती माना जाता है।
परिवार मूल रूप से सीतामढ़ी जिले का निवासी है, लेकिन बच्चों की पढ़ाई के कारण फिलहाल मुजफ्फरपुर के शाहबाजपुर इलाके में किराए के मकान में रह रहा है। घटना की जानकारी तुरंत शिवम के पिता को भी दे दी गई है, जो ड्यूटी पर तैनात हैं।
इधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ टाउन-2 बिनीता सिन्हा ने बताया कि फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घायल छात्र के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं।







