बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक महिला से कथित दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करना उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोपियों द्वारा किए गए हमले में एक बुजुर्ग की जान चली गई, जबकि पीड़ित महिला सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला 23 जनवरी की देर रात का है। गांव के ही एक युवक पर आरोप है कि उसने जबरन महिला के घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध और शोर मचाने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और वहां से फरार हो गया। घटना के बाद महिला और उसके परिजनों में दहशत का माहौल बन गया।
अगले दिन 24 जनवरी को पीड़िता ने रजौन थाना में पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। शिकायत के बाद परिवार को न्याय की उम्मीद थी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। इसी बीच शिकायत से नाराज आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार पर दोबारा हमला कर दिया।
मंगलवार दोपहर आरोपियों ने महिला के घर पर धावा बोला और लाठी-डंडों से परिजनों की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में महिला समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन घायलों को लेकर तुरंत भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान 70 वर्षीय धनंजय पंडित की मौत हो गई।
घायलों में सुधाकर पंडित, अभिकांत पंडित, विपुल पंडित और पीड़ित महिला शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, सभी की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि अगर शिकायत के बाद समय पर सख्त कार्रवाई होती, तो यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।







