अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1.80 करोड़ की गांजा जब्त राघोपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सिमराही एनएच-27 मैन चौक पर रविवार की अहले सुबह राघोपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 बोरियों में रखे गए 451 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा तस्करी में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बोलेरो वाहन को भी जब्त किया गया है। पूरी कार्रवाई राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-27 के रास्ते भारी मात्रा में गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर सघन वाहन जांच के दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोका गया, जिसकी तलाशी में गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करों ने बताया कि खेप अररिया जिले से सुपौल के सरायगढ़ भपटियाही थाना क्षेत्र ले जाई जा रही थी। पुलिस एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है।







