मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में हत्या और गोलीबारी के दो गंभीर मामलों में चार साल से फरार चल रहे चंदन यादव के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर जमालपुर पुलिस ने आरोपी के घर की संपत्ति जब्त की। हालांकि चंदन अभी भी फरार है।

पुलिस ने सोमवार को भारी फोर्स के साथ छोटी गोविंदपुर स्थित आरोपी के घर पहुंचकर न्यायालय के आदेश के तहत कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान घर की चल संपत्ति, दरवाजे, खिड़कियां और अन्य सामान पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
चंदन यादव पर 7 नवंबर 2019 को पार्षद के भाई की गोली मारकर हत्या और 8 नवंबर 2022 को तत्कालीन वार्ड पार्षद सत्येन्द्र तांती पर फायरिंग करने का आरोप है। मामले की पृष्ठभूमि में बताया गया कि शौचालय निर्माण को लेकर छोटी गोविंदपुर निवासी बेचन यादव के पुत्र गुंजन यादव और चंदन यादव का सत्येन्द्र तांती से विवाद हुआ था, जिसके दौरान गोलीबारी में पार्षद के भाई की मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने गुंजन यादव और उसकी मां मंजूला देवी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन चंदन यादव की गिरफ्तारी चुनौती बनी रही। फरारी के दौरान भी उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वार्ड पार्षद सत्येन्द्र तांती पर फायरिंग की, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ। इस मामले में पुलिस ने मिथुन और बजरंगी को गिरफ्तार किया था।
चंदन के लगातार फरार रहने पर पुलिस ने उसके घर पर इश्तेहार चस्पा किया था। बावजूद इसके आरोपी ने अदालत या पुलिस के सामने आत्मसमर्पण नहीं किया। इसके बाद न्यायालय से कुर्की का आदेश लेकर यह कार्रवाई की गई।
जमालपुर थाना अध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि गंभीर अपराधों में संलिप्त और फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और चंदन यादव के खिलाफ कुर्की-जब्ती इसी अभियान का हिस्सा है।







