
हायाघाट : दरभंगा जिले में केवल मझौलिया गांव चुना गया ‘महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ अभियान के लिए
पंचायती राज मंत्रालय द्वारा शुरू की गई आदर्श महिला हितैषी ग्राम पंचायत पहल के तहत दरभंगा जिले में हायाघाट प्रखंड के मझौलिया गांव को विशेष रूप से चिन्हित किया गया है। पूरे जिले में यह अकेला गांव है, जिसे इस योजना के लिए चयनित किया गया है।
इस राष्ट्रीय पहल की शुरुआत वर्ष 2025 में नई दिल्ली के विज्ञान भवन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हुई थी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और समान अवसर वाला वातावरण तैयार करना है। इस दिशा में महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक समानता पर विशेष बल दिया जा रहा है।
लैंगिक समानता को समझाते हुए अभियान में बताया गया कि इसका अर्थ पुरुष और महिला को एक जैसा बनाना नहीं, बल्कि दोनों को समान सम्मान, समान अवसर और समान अधिकार दिलाना है। बेटा-बेटी में भेदभाव न हो, दोनों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर मिलें — यही इस योजना की सबसे बड़ी सोच है।
परिवार और समाज की जिम्मेदारियों को केवल महिलाओं तक सीमित न रखते हुए पुरुषों की समान भागीदारी सुनिश्चित करना भी इस अभियान का अहम लक्ष्य है। साथ ही, समावेशिता पर विशेष ध्यान देते हुए हर वर्ग को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मझौलिया गांव के चयन से स्थानीय महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इस पहल से गांव में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सामाजिक बराबरी के नए रास्ते खुलेंगे, और यह गांव जिले के अन्य पंचायतों के लिए एक आदर्श उदाहरण बनेगा।







