गया जिले के टिकुली गांव में मंगलवार देर रात एक पुराने विवाद ने भयानक रूप ले लिया। गांव के मुद्रिका यादव (60) और आरोपितों दिनेश यादव व उनके पुत्र नीतीश कुमार के बीच हुई कहासुनी हिंसा में बदल गई।

जानकारी के अनुसार, मुद्रिका यादव का घर आरोपितों के घर के ठीक सामने स्थित है। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे मामूली कहासुनी धीरे-धीरे झगड़े में तब्दील हो गई। गुस्साए दिनेश और नीतीश ने चाकू निकालकर मुद्रिका यादव पर हमला कर दिया।
परिजन गंभीर रूप से घायल मुद्रिका यादव को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडे ने बताया कि हत्या का मुख्य कारण पुराना आपसी विवाद है। मामले की पूरी जांच चल रही है। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।







