Shopping cart

Breaking News :
  • Home
  • बिहार
  • हाजीपुर स्टेशन पर दिल दहला देने वाला हादसा, चलती ट्रेन में चढ़ते वक्त युवक ने गंवाए दोनों पैर
बिहार

हाजीपुर स्टेशन पर दिल दहला देने वाला हादसा, चलती ट्रेन में चढ़ते वक्त युवक ने गंवाए दोनों पैर

January 9, 20261 Mins Read
15

हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर हुआ एक दर्दनाक हादसा एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। घर लौटने की जल्दबाजी में ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसके दोनों पैर कट गए।

वैशाली जिले के हाजीपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर बुधवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बगहा इंटरसिटी मेमू एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक युवक फिसलकर नीचे गिर पड़ा। गिरते ही वह ट्रेन के नीचे आ गया और हादसे में उसके दोनों पैर बुरी तरह कट गए। घटना देख यात्रियों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। यात्रियों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया।

घायल युवक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर राजाराम गांव निवासी सुरेश शाह के 25 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि धर्मेंद्र हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के अस्पताल रोड स्थित एक दवा दुकान में काम करता था। बुधवार शाम काम खत्म करने के बाद वह ट्रेन से अपने घर लौटने के लिए स्टेशन पहुंचा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन में चढ़ते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह संतुलन खो बैठा और यह दर्दनाक हादसा हो गया। आरपीएफ अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को अस्पताल पहुंचाया।

यह हादसा एक बार फिर रेलवे प्लेटफॉर्म पर सतर्कता और सुरक्षा नियमों की अहमियत को उजागर करता है।

Related Posts