बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। रविवार सुबह पटना सहित कई जिलों में धूप जरूर निकली, लेकिन सर्द हवा के कारण लोगों को ठंड से कोई राहत नहीं मिली। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में 15 जनवरी तक शीत दिवस और घने कोहरे जैसी स्थिति बनी रह सकती है।

पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर में शीत दिवस को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पटना, गया, नालंदा, भोजपुर, रोहतास सहित कई जिलों में घने कोहरे के कारण यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा, लेकिन कई इलाकों में भीषण शीत दिवस दर्ज किया गया। गया में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 16 जनवरी से ठंड में थोड़ी कमी आने की उम्मीद है।







