हायाघाट ख़रीफ़ विपणन मौसम 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान अधिप्राप्ति एवं चावल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रविवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार द्वारा हायाघाट स्थित राज्य खाद्य निगम के संग्रहण केंद्र पर सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) आपूर्ति का विधिवत उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर जरिसो पैक्स, प्रखंड – बेनीपुर से प्राप्त सीएमआर को स्वीकार कर जिले में सीएमआर आपूर्ति की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ किया गया. सीएमआर आपूर्ति की इस शुरुआत से धान अधिप्राप्ति की पूरी प्रक्रिया में उल्लेखनीय गति आने की संभावना है. जिससे किसानों, पैक्स तथा संबंधित विभागों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. उद्घाटन के पश्चात उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि धान अधिप्राप्ति एवं सीएमआर आपूर्ति कार्य राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करते हुए धान अधिप्राप्ति में और अधिक तेजी लाने का स्पष्ट निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
जिलाधिकारी ने SFC संग्रहण केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, त्वरित उठाव एवं निर्बाध आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया, ताकि किसानों एवं पैक्स को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

इस अवसर पर जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम निशांत कुमार, बीडीओ श्रीमती निवेदिता, सीओ शशि कुमार भास्कर, प्रमुख प्रतिनिधि विकाश कुमार सिंह, सहकारिता प्रसार पदाधिकारी दरभंगा हर्षवर्धन समेत कई पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.







