Shopping cart

Breaking News :
  • Home
  • बिहार
  • पटना में दोस्ती हुई शर्मसार: महज 500 रुपये के विवाद में युवक की चाकू से हत्या, शव घर छोड़कर फरार हुए आरोपी
पटना

पटना में दोस्ती हुई शर्मसार: महज 500 रुपये के विवाद में युवक की चाकू से हत्या, शव घर छोड़कर फरार हुए आरोपी

January 17, 20261 Mins Read
15

पटना। बिहार की राजधानी पटना से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज 500 रुपये के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में दोस्तों ने ही अपने ही साथी को चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे और उसकी मौत की पुष्टि होते ही शव को घर पर छोड़कर फरार हो गए।

मामूली रकम बना मौत की वजह

घटना शुक्रवार दोपहर खलीलपुरा स्थित दरभंगा कॉलोनी के पास की है। मृतक की पहचान सिंदवाज उर्फ शाहनवाज (30) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मसौढ़ी अनुमंडल के भगवानगंज थाना क्षेत्र के दानौरा गांव का रहने वाला था। वर्तमान में वह अपनी पत्नी के ससुराल में रह रहा था।

जानकारी के मुताबिक, खलीलपुरा निवासी साहब उर्फ शाहवाज खान का सिंदवाज से 500 रुपये को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को जब साहब ने अपने रुपये वापस मांगे, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।

थप्पड़ के बाद चला चाकू

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान सिंदवाज ने साहब को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए साहब उर्फ शाहवाज ने आपा खो दिया और पास में मौजूद चाकू से सिंदवाज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार से सिंदवाज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी और उसके साथी घायल सिंदवाज को अस्पताल ले गए।

अस्पताल में मौत, फिर शव घर छोड़कर फरार

घायल अवस्था में सिंदवाज को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने एक और चौंकाने वाला कदम उठाया। वे शव को अस्पताल से उठाकर सीधे उसके घर ले गए और वहां शव छोड़कर फरार हो गए।

जब परिजनों ने घर पर शव देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। देखते ही देखते पूरे मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही फुलवारीशरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पत्नी नुजहत परवीन के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी साहब उर्फ शाहवाज खान को गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने 500 रुपये के विवाद में चाकू मारकर हत्या करने की बात कबूल कर ली है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सिंदवाज उर्फ शाहनवाज अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। घटना के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है।

आपराधिक पृष्ठभूमि भी आई सामने

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक सिंदवाज हाल ही में चोरी के एक मामले में जेल में था और जमानत पर बाहर आया था। वहीं, हत्या के आरोपी साहब उर्फ शाहवाज खान का भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी जेल जा चुका है।

दोस्ती और इंसानियत पर बड़ा सवाल

महज 500 रुपये के लिए दोस्त की हत्या ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना न सिर्फ बढ़ती आपराधिक मानसिकता को दर्शाती है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करती है कि छोटी-छोटी बातों पर लोग किस हद तक हिंसा पर उतर आते हैं।

Related Posts