
मोतिहारी:- नगर निगम मोतिहारी क्षेत्र के वार्ड संख्या 13, 15 एवं 17 में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। धर्म समाज रोड, मीना बाजार से इस कार्य का शुभारंभ किया गया। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य शहर की सड़कों को अधिक सुरक्षित, उज्ज्वल और सुगम बनाना है, ताकि रात के समय भी लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि जल्द ही निगम के अन्य सभी वार्डों में भी स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन का कार्य तेजी से पूरा कराया जाए, जिससे पूरे शहर में बेहतर रोशनी की व्यवस्था हो सके और नागरिकों को अधिक सुविधा मिल सके। इस शुभारंभ कार्यक्रम में महापौर प्रीति कुमारी, उप महापौर लालबाबू प्रसाद, निगम पार्षद प्रतिनिधि मो. कलाम सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और समृद्ध बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और इसी कड़ी में विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।







