राघोपुर, सुपौल (मोहम्मद नजीर आलम) :- कोसी रेंज के डीआईजी कुमार आशीष गुरुवार को राघोपुर थाना पहुंचे। जहां उनके साथ सुपौल एसपी शरथ आरएस, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार एवं सर्किल इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। जानकारी अनुसार डीआईजी का यह दौरा थाना क्षेत्र के देवीपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 4 में गत 16 जुलाई को हुए चर्चित और सनसनीखेज प्रिंस हत्याकांड की गहन जांच के उद्देश्य से हुआ। थाना पहुंचने के बाद डीआईजी कुमार आशीष ने सबसे पहले मृतक प्रिंस के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली और उनसे हर छोटी-बड़ी बात साझा करने का आग्रह किया। इस दौरान परिजन भावुक नजर आए और उन्होंने न्याय की मांग दोहराई। डीआईजी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि पुलिस मामले की निष्पक्ष और सख्त जांच कर रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

जानकारी अनुसार, प्रिंस हत्याकांड को लेकर मृतक के परिजन पहले फरियाद लेकर डीजीपी के पास पहुंचे थे। परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी को मामले की जांच और निगरानी के निर्देश दिए गए, जिसके तहत वे गुरुवार को स्वयं राघोपुर पहुंचे। परिजनों से पूछताछ के बाद डीआईजी पुलिस टीम के साथ कोरियापट्टी स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने जांच टीम को साक्ष्यों को और मजबूत करने, गवाहों से गहन पूछताछ करने तथा फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस हत्याकांड से जुड़े अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि सात आरोपी अभी भी फरार हैं। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि शेष आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








