Shopping cart

Breaking News :
  • Home
  • बिहार
  • सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर बिहार में भाजपा का व्यापक जनसंपर्क अभियान, गांव-गांव तक गूंजा ‘ॐ नमः शिवाय’
बिहार

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर बिहार में भाजपा का व्यापक जनसंपर्क अभियान, गांव-गांव तक गूंजा ‘ॐ नमः शिवाय’

January 11, 20261 Mins Read
15

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने बिहार भर में भव्य और आस्था से भरे कार्यक्रमों का आयोजन किया। शनिवार को जिला मुख्यालयों से लेकर प्रखंड, पंचायत और गांव-गांव के शिवालयों में दीप प्रज्वलन और ओंकार मंत्र जप का आयोजन हुआ। इस दौरान लाखों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, श्रद्धालु और आम नागरिक शिवालयों में जुटे और भगवान शिव की आराधना की।

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के सान्निध्य में आयोजित यह पर्व भारत की आस्था, इतिहास और आत्मसम्मान का प्रतीक है।

संजय सरावगी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर पर हुए आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–2026’ के माध्यम से नया भारत अपने गौरवशाली अतीत को स्मरण करते हुए आत्मबल और सांस्कृतिक चेतना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प ले रहा है।

उल्लेखनीय है कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 11 जनवरी तक मनाया जा रहा है। यह आयोजन उन असंख्य वीरों की स्मृति में है, जिन्होंने मंदिर और संस्कृति की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। यह पर्व आने वाली पीढ़ियों को भारतीय सभ्यता और सनातन मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रहा है।

भाजपा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की समीक्षा की और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा गया कि शिवालयों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

पटना में भव्य दीपोत्सव, शिवालयों में जगमगाया आस्था का प्रकाश

पटना के खाजपुरा स्थित शिव मंदिर परिसर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया और विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 1000 दीप जलाए गए और दीपों से ‘जय सोमनाथ’ लिखकर श्रद्धा और एकता का संदेश दिया गया।

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बार-बार आक्रमणों के बावजूद सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण भारत की अटूट आस्था और आत्मबल का प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ते हैं। वहीं, भीखू भाई दलसानिया ने इसे राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक जागरण का पर्व बताया।

इसी क्रम में राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर परिसर के शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने 101 दीप प्रज्वलित कर पूजन-अर्चन किया। मंदिर प्रबंध न्यास समिति के अध्यक्ष राजीव रंजन सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना की। कार्यक्रम में पुजारी संतोष तिवारी, शिवकांत झा, आलोक कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Posts