हायाघाट में सड़क और नाला निर्माण कार्य की जल्द शुरुआत की उम्मीद

हायाघाट नगर पंचायत हायाघाट के वार्ड पार्षद विकाश कुमार सिंह ने बताया कि हायाघाट बाजार के पूरब दिशा में रेलवे भूमि पर सड़क और नाला निर्माण कार्य को लेकर लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं। यह कार्य मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत है और इसका नाम है:
“इनामात वाटर वेज बांध से रेलवे पावर प्लांट तक सड़क एवं नाला निर्माण कार्य”।
पार्षद विकाश कुमार ने बताया कि इस योजना के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा और जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि चूंकि यह निर्माण कार्य रेलवे भूमि पर प्रस्तावित है, इसलिए रेलवे विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करना आवश्यक है। इस प्रक्रिया में कुछ तकनीकी आपत्तियों के कारण कागजात दो बार DRM कार्यालय से वापस आए, जिससे कार्य में विलंब हुआ।
जानकारी मिलने के तुरंत बाद विकाश कुमार ने DRM कार्यालय जाकर सभी दस्तावेज जमा किए, और DRM ने पत्र को मंडल स्तर के इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख संजय कुमार जी के पास भेजा। पार्षद विकाश कुमार और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि आलोक शर्मा ने अधिकारियों से मिलकर हायाघाट बाजार की समस्या से अवगत कराया।
रेलवे विभाग के अधिकारी संजय कुमार जी ने आश्वासन दिया है कि आवश्यक NOC शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य तुरंत प्रारंभ किया जाएगा।
पार्षद विकाश कुमार ने कहा कि वह जनहित के इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ा रहे हैं और जनता से सहयोग बनाए रखने की अपील की।
साथ ही, उन्होंने माननीय विधायक और सांसद महोदया जी का आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान संभव होने की उम्मीद जगी है।







