
अपराजित लोहान जहानाबाद के नए एसपी
हरियाणा के हिसार के रहने वाले अपराजित लोहान 2020 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं, वह अपनी शानदार अकादमिक पृष्ठभूमि और सख्त छवि के लिए प्रसिद्ध हैं। पुलिस सेवा में आने से पहले, उन्होंने प्रतिष्ठित आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) से केमिकल इंजीनियरिंग में अपनी डिग्री पूरी की थी। इंजीनियरिंग के चौथे साल से ही उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी और 2019 में अपने पहले ही प्रयास में 174वीं रैंक हासिल कर एक मिसाल कायम की। महज 27 साल की उम्र में, लोहान सिर्फ एक सख्त अफसर ही नहीं, बल्कि रैप म्यूजिक और लॉन टेनिस के भी शौकीन हैं। सोशल मीडिया पर उनकी मजबूत उपस्थिति है, जहां वे काफी सक्रिय रहते हैं। पटना ग्रामीण एसपी बनने से पहले, अपराजित लोहान पटना के ट्रैफिक एसपी के रूप में कार्यरत थे, जहां उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई। पदभार ग्रहण करते ही वह एक्शन मोड में आ गए थे, उन्होंने पटना की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए खुद सड़कों पर उतरकर कमान संभाली। इस दौरान उन्होंने नो-पार्किंग में खड़ी आम गाड़ियों से लेकर विधायकों तक की गाड़ियों का चालान काटकर खूब सुर्खियां बटोरीं। ट्रैफिक एसपी के तौर पर 8 महीनों में 120 करोड़ का चालान वसूलने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है।







