Shopping cart

Breaking News :
  • Home
  • बिहार
  • 12 साल की मासूम को 35 साल के शख्स से जबरन ब्याहा, प्रशासन ने बचाई बच्ची की ज़िंदगी
बिहार

12 साल की मासूम को 35 साल के शख्स से जबरन ब्याहा, प्रशासन ने बचाई बच्ची की ज़िंदगी

January 10, 20261 Mins Read
38

बिहार के पूर्णिया जिले से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां माता-पिता ने अपनी सिर्फ 12 साल की नाबालिग बेटी की शादी 35 वर्षीय व्यक्ति से जबरन करा दी। बाल विवाह की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

मामला पूर्णिया जिले के श्रीनगर प्रखंड अंतर्गत कृत्यानंद नगर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां 7 जनवरी को बच्ची का विवाह कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के मकईपुर निवासी टिंकू कुमार (उम्र 35 वर्ष) से कराया जा रहा था। शादी पूरी हो चुकी थी और बच्ची को ससुराल भेज दिया गया था।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और समाजसेवी संगठनों की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई की। महिला विकास निगम, वन स्टॉप सेंटर और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कटिहार पहुंचकर बच्ची को बरामद किया गया और सुरक्षित पूर्णिया लाया गया।

इसके बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां समिति के आदेश पर उसके संरक्षण, पुनर्वास और शिक्षा की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बच्ची की पढ़ाई दोबारा शुरू कराई जाएगी ताकि उसका भविष्य सुरक्षित हो सके।

वहीं, बच्ची के माता-पिता की काउंसलिंग भी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि गरीबी, अशिक्षा और सामाजिक दबाव के कारण आज भी कई इलाकों में बाल विवाह जैसी कुप्रथाएं जारी हैं। कई मामलों में यह मानव तस्करी का रूप भी ले लेती है, जहां मासूम बच्चियों की ज़िंदगी बर्बाद हो जाती है।

प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Posts