मुंगेर जिले के असरगंज इलाके में एक शादी समारोह उस वक्त सनसनी का केंद्र बन गया, जब जश्न के बीच छत पर खुलेआम हर्ष फायरिंग की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते ही इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई।

असरगंज थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में गुरुवार रात आयोजित विवाह समारोह के दौरान कुछ युवकों ने हथियार लहराते हुए फायरिंग की। वायरल वीडियो में दो युवक साफ तौर पर हथियार के साथ नजर आ रहे हैं। एक युवक पिस्टल की मैगजीन में गोलियां भरता दिख रहा है, जबकि दूसरा छत पर खड़े होकर लगातार फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान मु. तनवीर और उसके भाई मु. राजू के रूप में की जा रही है, जो बारात में शामिल थे।
शादी जैसे सामाजिक और पारिवारिक आयोजन में इस तरह की लापरवाह हरकत से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि हर्ष फायरिंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे किसी बड़ी दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
सूत्रों की मानें तो फायरिंग में शामिल युवकों के अवैध हथियारों से जुड़े होने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस मामले पर असरगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र राय ने बताया कि वायरल वीडियो की गहन जांच की जा रही है। वीडियो में दिख रहे व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है और तथ्यों की पुष्टि के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि हर्ष फायरिंग और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।







