Shopping cart

Breaking News :
  • Home
  • बिहार
  • बिहार में ठंड का कहर, जम्मू से भी नीचे गिरा पारा
बिहार

बिहार में ठंड का कहर, जम्मू से भी नीचे गिरा पारा

January 9, 20261 Mins Read
138

अगले 5 दिन घना कोहरा और कोल्ड डे का अलर्ट जारी

बिहार में सर्दी ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बर्फीली पछुआ हवाओं के चलते राज्य कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार आने वाले पांच दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकतर जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा और कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रहेगी।

 

शुक्रवार को राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में सुबह से ही घना कोहरा देखने को मिलेगा। दिनभर ठंड का असर बना रहेगा। गुरुवार को गया इस सीजन का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो वर्षों बाद गया में इतना कम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

नौ जिले जम्मू से भी ज्यादा ठंडे

गुरुवार को बिहार के नौ जिलों का न्यूनतम तापमान जम्मू शहर से भी कम दर्ज किया गया। जम्मू का न्यूनतम तापमान जहां 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं बिहार के कई शहरों में पारा इससे काफी नीचे चला गया।

गया, दरभंगा, छपरा, भागलपुर (सबौर), शेखपुरा, राजगीर, सिवान (जीरादेई), अरवल और रोहतास (बिक्रमगंज) जम्मू से भी अधिक ठंडे रहे। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

धूप निकली, लेकिन ठंड बरकरार

दरभंगा में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, छपरा में 5.7, सबौर (भागलपुर) में 4.6, शेखपुरा में 6.3, राजगीर में 5.1, जीरादेई (सिवान) में 6.0, अरवल में 5.3 और बिक्रमगंज (रोहतास) में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गुरुवार को दरभंगा में भीषण कोल्ड डे की स्थिति बनी रही, जबकि छपरा और वाल्मीकि नगर में कोल्ड डे का असर देखा गया। सबसे कम दृश्यता गया में सिर्फ 50 मीटर रिकॉर्ड की गई। पटना और आसपास के इलाकों में पछुआ हवा के कारण दिनभर कनकनी महसूस की गई। धूप निकलने के बावजूद लोग ठिठुरते नजर आए।

अधिकतम तापमान में भी गिरावट

गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शेखपुरा में सबसे अधिक 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना, बक्सर, छपरा, मोतिहारी, मुंगेर, भागलपुर और पूर्णिया को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

पटना: अधिकतम 14.9 | न्यूनतम 9.1

गया: अधिकतम 19.8 | न्यूनतम 4.1

भागलपुर: अधिकतम 15.8 | न्यूनतम 6.8

मुजफ्फरपुर: अधिकतम 17.0 | न्यूनतम 7.3

Related Posts