Shopping cart

Breaking News :
  • Home
  • बिहार
  • कड़ाके की ठंड के चलते अररिया में कक्षा 8 तक के स्कूल 11 जनवरी तक बंद
बिहार

कड़ाके की ठंड के चलते अररिया में कक्षा 8 तक के स्कूल 11 जनवरी तक बंद

January 8, 20261 Mins Read
14

अररिया: उत्तर भारत में जारी भीषण शीतलहर का असर बिहार के अररिया जिले में भी साफ दिखाई दे रहा है। अत्यधिक ठंड और खासकर सुबह-शाम गिरते तापमान को देखते हुए छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र अनिसाबाद (पटना) की 8 जनवरी की रिपोर्ट के अनुसार जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ा हुआ है। इसी के मद्देनज़र जिला दंडाधिकारी विनोद दूहन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए अररिया जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 11 जनवरी (शुक्रवार) तक रोक लगा दी है। इस आदेश में प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और कोचिंग संस्थान भी शामिल हैं।

हालांकि, कक्षा 9 और उससे ऊपर की कक्षाएं सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित की जा सकेंगी। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों को गर्म भोजन उपलब्ध कराने के लिए दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक खुले रहेंगे। यह प्रतिबंध केवल शैक्षणिक गतिविधियों पर लागू होगा, जबकि प्रशासनिक कार्य पूर्ववत चलते रहेंगे। साथ ही, प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं की विशेष कक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक उपाय लगातार किए जा रहे हैं।

Related Posts