पटना। नए साल 2026 में बिहार सरकार यात्रियों को बड़ी सौगात देने जा रही है। राज्य के परिवहन विभाग ने बिहार से दिल्ली, कोलकाता समेत छह राज्यों के लिए सीधी सरकारी बस सेवा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। योजना के अनुसार होली से पहले बसों का संचालन शुरू हो सकता है।
![]()
परिवहन विभाग दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के लिए इंटर स्टेट बस सेवा बहाल करने पर काम कर रहा है। इसके लिए संबंधित राज्यों के परिवहन विभागों से लगातार बातचीत चल रही है।
यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
सीधी बस सेवा शुरू होने से बिहार के लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी। नौकरी, पढ़ाई और इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने वालों को अब निजी बसों और ट्रेनों पर कम निर्भर रहना पड़ेगा। इससे किराए में भी कमी आने की उम्मीद है।
149 नई बसें खरीदेगा विभाग
परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि विभाग नए साल में 149 बसों की खरीद कर रहा है। इनमें 75 एसी और शेष नॉन-एसी बसें होंगी। इन बसों को प्रमुख इंटर स्टेट और महत्वपूर्ण रूटों पर चलाने की योजना है।
महिला सुरक्षा रहेगी प्राथमिकता
नए साल में महिला यात्रियों की सुरक्षा परिवहन विभाग की सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। इसके लिए बस स्टैंड को हाईटेक किया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
पर्यटन और पड़ोसी राज्यों से कनेक्टिविटी
परिवहन विभाग बिहार के पर्यटन स्थलों के लिए विशेष बस सेवा शुरू करने की भी तैयारी में है, ताकि बाहर से आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिल सके। साथ ही पड़ोसी राज्यों के साथ परिवहन सेवाओं को और बेहतर किया जाएगा।
NOC प्रक्रिया तेज
श्रवण कुमार ने बताया कि बस संचालन के लिए जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। कुछ राज्यों से मंजूरी मिल चुकी है, जबकि बाकी से बातचीत जारी है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाली परिवहन मंत्रियों की बैठक में इस मुद्दे पर अंतिम चर्चा की जाएगी और सब कुछ ठीक रहा तो होली से पहले बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।







