बिहार के मोतिहारी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सुगौली थाना क्षेत्र के बौधा गांव के सरेह में एक युवक और एक युवती के शव पेड़ से लटके मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ग्रामीणों की नजर खेत की ओर लगे एक पेड़ पर पड़ी, जहां युवक-युवती के शव लटके हुए थे। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुगौली थाने की टीम मौके पर पहुंची।
थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों के गले एक ही कपड़े से बंधे हुए पाए गए हैं। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया है। बताया जा रहा है कि युवक और युवती सोमवार शाम से ही अपने-अपने घर से लापता थे।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर किसी साजिश के तहत की गई हत्या। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी निष्पक्षता से की जा रही है और यदि किसी की भी संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







