सीवान (बिहार):
बिहार के सीवान जिले में चोरी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस बड़ी चोरी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के बरवां खुर्द गांव की है। बताया जा रहा है कि पीड़ित एक व्यवसाई हैं, जिनका मकान लंबे समय से बंद था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर और कमरों के ताले काटे और अंदर घुसकर बड़ी चोरी को अंजाम दिया।
नकदी और गहनों पर किया हाथ साफ
चोरों ने घर में रखे 87 लाख रुपये नकद और लगभग 23 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इतनी बड़ी रकम की चोरी की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार सदमे में है।
पटना में करता है व्यवसाय
जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यवसाई का पटना में कृषि प्लास्टिक पाइप निर्माण का कारोबार है। कारोबार से जुड़े लेन-देन के चलते घर में बड़ी मात्रा में नकदी रखी गई थी, जिसे चोर उड़ा ले गए।
पुलिस और डॉग स्क्वायड जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। चोरी के सुराग तलाशने के लिए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए हैं।
इलाके में दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
एक करोड़ से अधिक की चोरी के बाद गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहले कभी इतनी बड़ी चोरी नहीं हुई। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस को जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद है।
फिलहाल, सीवान की यह बड़ी चोरी पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।







